Aaj Ka Bharat Live 25

भारतीय मूल की विश्व-प्रसिद्ध गणितज्ञ नलिनी जोशी को 2025 का न्यू साउथ वेल्स (NSW) साइंटिस्ट ऑफ द ईयर चुना गया


दिल्ली- भारतीय मूल की विश्व-प्रसिद्ध गणितज्ञ नलिनी जोशी को 2025 का न्यू साउथ वेल्स (NSW) साइंटिस्ट ऑफ द ईयर चुना गया है।

यह पहला मौका है जब किसी गणितज्ञ को राज्य का यह सर्वोच्च वैज्ञानिक सम्मान मिला है। यह सम्मान उन्हें सिडनी स्थित गवर्नमेंट हाउस में आयोजित NSW प्रीमियर प्राइज़ेस फॉर साइंस समारोह में प्रदान किया गया। इस उपलब्धि ने उन्हें न्यू साउथ वेल्स में वैज्ञानिक उत्कृष्टता के शीर्ष स्तर पर स्थापित कर दिया है और यह भी दिखाया है कि भविष्य की तकनीकी चुनौतियों से निपटने में गणित कितनी अहम भूमिका निभाता है।

प्रोफेसर नलिनी जोशी वर्तमान में University of Sydney में एप्लाइड मैथमेटिक्स की चेयर हैं। वे इंटीग्रेबल सिस्टम्स के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी विशेषज्ञों में गिनी जाती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली महिला गणित प्रोफेसर बनकर भी नया अध्याय लिखा। उनका मौजूदा शोध डिजिटल दुनिया की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक—क्वांटम क्रिप्टोग्राफी—पर केंद्रित है। जहां क्वांटम कंप्यूटर दवा निर्माण और मटेरियल साइंस जैसे क्षेत्रों में क्रांति ला सकते हैं, वहीं वे मौजूदा साइबर सुरक्षा प्रणालियों के लिए गंभीर खतरा भी पैदा करते हैं।

प्रोफेसर जोशी लगातार चेतावनी देती रही हैं कि सरकारें और उद्योग इस बड़े बदलाव के लिए अभी तैयार नहीं हैं। उनके अनुसार आने वाले वर्षों में लोग क्वांटम-सक्षम डिवाइस और क्वांटम मनी का इस्तेमाल करेंगे, लेकिन इस भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक विशेषज्ञता बेहद सीमित है। उनका मानना है कि “क्वांटम भविष्य को सुरक्षित करने के केंद्र में गणित ही है।”

नलिनी जोशी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। वे 2019 से 2022 तक इंटरनेशनल मैथमेटिकल यूनियन की पहली ऑस्ट्रेलियाई उपाध्यक्ष रहीं और लंदन मैथमैटिकल सोसाइटी की मानद सदस्य हैं। वे ऑस्ट्रेलियन एकेडमी ऑफ साइंस की फेलो भी हैं और 2016 में गणित के क्षेत्र में सेवाओं के लिए उन्हें ‘ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया’ से सम्मानित किया गया था।

वे यूनिवर्सिटी ऑफ सिडनी की पूर्व छात्रा और यूनिवर्सिटी मेडलिस्ट हैं तथा उन्होंने अपनी डॉक्टरेट प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से पूरी की।

Post a Comment

Previous Post Next Post